सुपौल: सावन से पहले बदहाल हुई बाबा भीमशंकर मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क, जलजमाव से राहगीर परेशान

सुपौल के राघोपुर प्रखंड के धरहारा में गणपतगंज–प्रतापगंज मुख्य सड़क जलजमाव और गड्ढों के कारण बदहाल हो गई है। बाबा भीमशंकर मंदिर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर राहगीरों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Report: A.K Chaudhary

एक ओर बिहार सरकार सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार नई सड़कें बना रही है, वहीं दूसरी ओर कई महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कें आज भी बदहाली की तस्वीर पेश कर रही हैं। सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहारा गांव में गणपतगंज से प्रतापगंज जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों जलजमाव और गड्ढों के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

बरसात के कारण सड़क पर कई दिनों से पानी जमा है। जलजमाव के बीच सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार अक्सर पानी में छिपे गड्ढों की वजह से दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। स्थिति ऐसी है कि पैदल चलने वालों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

यह सड़क प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर जाने का प्रमुख मार्ग है। हर वर्ष सावन महीने में इसी रास्ते से लाखों श्रद्धालु, कांवरिया और दंड प्रणाम करने वाले भक्त बाबा भीमशंकर मंदिर पहुंचते हैं। लेकिन सावन शुरू होने से पहले ही सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी रोजाना पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर भी गड्ढे बन चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।

ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सावन शुरू होने से पहले यदि सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो लाखों श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा और हादसों का खतरा भी बढ़ जाएगा।

इस संबंध में वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि सड़क का पुनर्निर्माण होना है। फिलहाल सड़क की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग से बात कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]