सुपौल: राघोपुर में नवपदस्थापित एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों संग की परिचयात्मक बैठक, राशन कार्ड और टीबी मुक्त भारत अभियान को बताया प्राथमिकता

राघोपुर पहुंचे नवपदस्थापित एसडीएम विनय कुमार ने टीसीपी भवन में पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। उन्होंने नए राशन कार्ड बनाने के विशेष अभियान और टीबी मुक्त भारत अभियान को प्राथमिकता बताते हुए पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की।

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के बीरपुर अनुमंडल के नवपदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने शनिवार को राघोपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक की। बैठक का उद्देश्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करना और सरकार की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर साझा रणनीति तैयार करना था। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेंद्र कुमार यादव ने की।

बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा नवपदस्थापित एसडीएम का फूल-माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन करने के साथ हुई। इसके बाद एसडीएम विनय कुमार ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों तथा प्रशासनिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

अपने संबोधन में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि राघोपुर बीरपुर अनुमंडल का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण प्रखंड है। यही कारण है कि कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले यहां के जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने का निर्णय लिया, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल विकसित हो सके।

बैठक के दौरान उन्होंने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संचालित नए राशन कार्ड निर्माण के विशेष अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर उनका आवेदन समय पर करवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब, वंचित, महादलित या जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड जैसी महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

इसके अलावा एसडीएम ने केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को भी प्राथमिकता वाला कार्यक्रम बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने, समय पर जांच कराने तथा उपचाररत मरीजों को सहयोग देने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि इस परिचयात्मक बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नए राशन कार्ड निर्माण अभियान और टीबी मुक्त भारत अभियान सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होगा और विकास कार्यों में भी तेजी आएगी।

बैठक में प्रखंड प्रमुख फिदा हुसैन, मुखिया प्रकाश यादव, अनिल सरदार, मुखिया प्रतिनिधि मो. टुन्ना, टुनटुन यादव, भूपेंद्र यादव, मो. आकलख, दिनेश मेहता, पंचायत समिति सदस्य अताउर रहमान सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]