सुपौल: राघोपुर में अलग-अलग सड़क हादसों में एक की मौत, दो युवक गंभीर घायल, रेफर

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राघोपुर ओवरब्रिज पर सिटी रिक्शा की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की जान चली गई, वहीं किसान चौक पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

बता दें कि पहली घटना राघोपुर ओवरब्रिज के समीप हुई। मृतक की पहचान हरिराहा वार्ड संख्या-13 निवासी रामचंद्र शर्मा (45 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रामचंद्र शर्मा शुक्रवार को अपने घर से पैदल गणपतगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार सिटी रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई।

वहीं दूसरी सड़क दुर्घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के किसान चौक पर हुई। यहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया।

दोनों घायलों की पहचान भपटियाही थाना क्षेत्र अन्तर्गय रामनगर वार्ड 10 निवासी अरुण कुमार मेहता के 21 वर्षीय पुत्र अंकित मेहता तथा त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत औराहा निवासी पुलकित राम के 28 वर्षीय पुत्र बिनोद कुमार के रूप में हुई है। अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंजार अहमद ने बताया कि पहले सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं किसान चौक पर हुई बाइक दुर्घटना में घायल दोनों युवकों की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।

इधर, राघोपुर थाना की अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि राघोपुर ओवरब्रिज के समीप हुई दुर्घटना में शामिल सिटी रिक्शा को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं किसान चौक पर हुई बाइक दुर्घटना के मामले में पुलिस घटनास्थल की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]