सेवा, संकल्प और समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर सुपौल में भव्य सांस्कृतिक संध्या, डीएम ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित

सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूरे होने पर सुपौल के टाउन हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। समापन पर डीएम सावन कुमार ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

Report: A.K Chaudhary

राज्य सरकार के ‘सेवा, संकल्प एवं समर्पण’ के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को नगर भवन (टाउन हॉल) सुपौल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सावन कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना पर आधारित नृत्य से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए। विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने भी अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन में सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और युवा प्रतिभाओं की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों और कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

समापन समारोह में जिलाधिकारी सावन कुमार ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, कलाकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवाओं और बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment