Report: A.K Chaudhary
सुपौल सदर प्रखंड के बेरिया पंचायत अंतर्गत डभारी गांव में रविवार को मगरमच्छ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। कोसी तटबंध के 57.20 नंबर स्पर के समीप मछली पकड़ रहे मछुआरों ने पानी में मगरमच्छ देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया और उसे पानी से बाहर निकाला। मगरमच्छ को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बाद में स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से वापस कोसी नदी में छोड़ दिया। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्र में मगरमच्छ मिलने की घटना से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में दोबारा पहुंचा तो लोगों और पशुओं के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।
घटना के बाद पूरे इलाके में मगरमच्छ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।







