Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 16 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए नशे के कारोबार में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सुपौल सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बैरो स्थित एक बांसबाड़ी में कुछ लोग स्मैक के अवैध कारोबार में जुटे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 16 ग्राम स्मैक बरामद की तथा मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तीन आरोपी सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि दो आरोपी सुपौल जिले के रहने वाले हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके।







