सुपौल: बकरी चराने निकली 11 वर्षीय बच्ची की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत, गांव में मातम

सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में बकरी चराने निकली 11 वर्षीय बच्ची की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Report: Amresh Kumar

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बकरी चराने निकली 11 वर्षीय बच्ची की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

बताता गया कि पिपरा थाना क्षेत्र के पिपराही वार्ड संख्या-15 निवासी शिवशंकर ठाकुर की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी सोमवार की दोपहर बकरी चराने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

मृतक बच्ची का फाइल फोटो

मंगलवार की सुबह नहर किनारे स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे, जिसमें बारिश का पानी लबालब भरा हुआ था, वहां घास काटने गई महिलाओं की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची के शव को बाहर निकाला। बाद में उसकी पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment