Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। श्रावण मास में बढ़ती भीड़ और कांवरियों की आवाजाही को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार की शाम वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने सिमराही बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों, ठेला एवं फुटपाथ विक्रेताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने सभी दुकानदारों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा तय किए गए नियमों का पालन करें और एनएच-27 एवं एनएच-131 के जंक्शन पॉइंट से 200 मीटर की दूरी पर ही अपनी दुकानें लगाएं। सड़क के कालीकरण वाले हिस्से और जंक्शन क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखना अनिवार्य है।
एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह और शाम विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन लोगों को जागरूक कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दे रहा है। यदि इसके बावजूद दुकानदार और अतिक्रमणकारी नियमों का पालन नहीं करते हैं तो 10 अगस्त के बाद प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। सड़क किनारे अवैध रूप से लगी सभी दुकानों को हटाया जाएगा और संबंधित लोगों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना और बाजार में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। सावन माह में कांवरियों और श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में यदि सड़क किनारे अतिक्रमण रहेगा तो दुर्घटना और जाम की संभावना भी बढ़ेगी।

गौरतलब है कि सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 और एनएच-131 के जंक्शन पर प्रतिदिन सुबह और शाम के समय भारी जाम लगता है। इसी को देखते हुए एसडीएम विनय कुमार एवं वीरपुर डीएसपी सुरेंद्र कुमार के संयुक्त निर्देश पर 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनकी जिम्मेदारी ट्रैफिक नियंत्रण, अतिक्रमण हटाना तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना है।
विशेष अभियान के तहत पुलिस द्वारा नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े मोटरसाइकिल, ई-रिक्शा, टेम्पू एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान काटा जा रहा है, ताकि सड़क पर अनावश्यक वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने एक बार फिर दुकानदारों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि सभी लोग निर्धारित नियमों का पालन करेंगे तो सिमराही बाजार को जाम मुक्त बनाना संभव होगा। वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 10 अगस्त के बाद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के अतिक्रमण हटाने, जुर्माना वसूलने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान तब तक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा, जब तक सिमराही बाजार में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो जाती।







