Report: Amresh Kumar
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में रेलवे पटरी के किनारे खेलने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 12 वर्षीय बालक की मौत होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कहां और कब का है तथा वीडियो में बालक के शरीर में आग लगने की परिस्थिति क्या थी, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो पिपरा थाना क्षेत्र के दीनापट्टी पंचायत का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दीनापट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 19 निवासी जगन्नाथ पासवान का 12 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार रेलवे पटरी के किनारे खेलने गया था। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद बालक के शरीर में आग लग गई। घटना के बाद आसपास अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के पहुंचने तक बालक बुरी तरह झुलस चुका था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पिपरा थाना पुलिस भी मृतक के घर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
मृतक के पिता जगन्नाथ पासवान ने बताया कि रेलवे पटरी के किनारे खेलने के दौरान करंट लगने से उनके 12 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
फिलहाल बालक को करंट कैसे लगा और घटना की वास्तविक परिस्थिति क्या थी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी पुलिस या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







