News Desk Supaul:
सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिरजवा पंचायत अंतर्गत झरकहा वार्ड संख्या 8 में शुक्रवार दोपहर बाद जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे के साथ तीर और फरसा का इस्तेमाल किया गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
जमीन पर घास काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि झरकहा वार्ड 8 निवासी शिवधर यादव और रामदेव यादव के बीच करीब एक बीघा छह कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष के लोग विवादित जमीन पर घास काटने पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि इस दौरान दोनों तरफ से लाठी-डंडे, तीर और फरसा चलने लगे। घटना में मुक्ति नारायण यादव (50), दिनेश यादव (45), गजेंद्र यादव (28), रामदेव यादव (60), मनोज कुमार (24) और मुकेश कुमार (30) घायल हुए हैं।
किसी के गर्दन पर फरसा तो किसी के हाथ में लगा तीर
घायलों में मुक्ति नारायण यादव की गर्दन पर फरसा से गंभीर चोट आई है। वहीं गजेंद्र यादव के बाएं हाथ में गंभीर चोट लगी है। दिनेश यादव के बाएं हाथ में तीर फंस गया था, जिसे अस्पताल में चिकित्सकों ने निकाल दिया।

चिकित्सक डॉ. बीएन पासवान और डॉ. प्राची कश्यप के अनुसार छह घायल अस्पताल पहुंचे थे। इनमें चार की स्थिति गंभीर थी। सभी को बेहतर उपचार के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि किसी भी घायल के शरीर में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की चोटें तीर, फरसा और अन्य धारदार हथियार से लगी प्रतीत होती हैं।
गोलीबारी की सूचना पर पुलिस ने कही ये बात
घटना के दौरान कई राउंड गोली चलने की चर्चा भी सामने आई थी। हालांकि पुलिस ने अब तक गोलीबारी या किसी व्यक्ति को गोली लगने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान गोली चलने का कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ विभाष कुमार के नेतृत्व में त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि गोलीबारी की सूचना प्रथम दृष्टया भ्रामक प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







