Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड के करजाइन बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-12 का वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान स्थानीय स्तर पर सहायिका के नियमित रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायत सामने आई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को विभागीय नियमों के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए। केंद्र के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण और व्यवस्था में सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम विनय कुमार ने करजाइन स्थित मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। एसडीएम ने विद्यालय में बच्चों के साथ कुछ समय भी बिताया और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई सहित विद्यालय से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

बता दे कि वीरपुर एसडीएम विनय कुमार के पदस्थापन के बाद से अनुमंडल क्षेत्र में नियमित निरीक्षण का सिलसिला लगातार जारी है। वे विभिन्न विभागों के कार्यालयों के साथ-साथ शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी योजनाओं एवं कार्यों का स्थल निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसके अलावा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर भी एसडीएम लगातार सक्रिय हैं। बाजारों में अनावश्यक जाम नहीं लगे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
एसडीएम के लगातार हो रहे स्थल निरीक्षण से वीरपुर अनुमंडल के विभिन्न विभागों और सरकारी संस्थानों में भी सक्रियता बढ़ी है। अधिकारियों और कर्मियों के बीच व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर विशेष सतर्कता देखी जा रही है। स्थानीय स्तर पर भी एसडीएम के नियमित निरीक्षण को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







