सुपौल: सिमराही में खड़े ट्रक के केबिन से 39.75 लीटर विदेशी शराब बरामद, मद्य निषेध पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक जब्त

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के मद्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने सिमराही बाजार में शुक्रवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एनएच 131 किनारे एक खड़े ट्रक के केबिन से 750 एमएल की 53 बोतल रॉयल स्टैग विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 39.75 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में एक झोले में रखी शराब की बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलें 750 एमएल की रॉयल स्टैग ब्रांड की हैं। कुल 53 बोतलों में 39.75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। बताया कि ट्रक का शीशा और गेट दोनों खुले हुए थे। ट्रक को देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह काफी दिनों से उसी जगह खड़ा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक किसका है और बरामद शराब किसकी है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक के मालिक सहित शराब से जुड़े लोगों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद शराब को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

इधर, सिमराही क्षेत्र में लगातार शराब बरामद होने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले चार दिनों से लगातार शराब बरामद होने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही शराब बरामदगी से शराब के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस की कार्रवाई भी चर्चा में है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]