
Report: Amresh Kumar
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान रेलवे पटरी किनारे अलग-अलग स्थानों से दो शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लगातार दो शव मिलने की घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। दोनों मामलों को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
पहली घटना लिटियाही की है, जहां गुरुवार सुबह रेलवे पटरी के किनारे 14 वर्षीय किशोर सत्यम कुमार का शव मिला था। परिजनों ने किशोर की हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि देर रात थूमहा के समीप रेलवे पटरी किनारे एक और युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई।
दूसरे मृतक की पहचान त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के करहरवा निवासी सुरेन्द्र यादव के रूप में हुई है। रेलवे पटरी किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है।
सूचना मिलने के बाद पिपरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि ट्रेन से गिरकर युवक की मौत होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, महज 24 घंटे के भीतर रेलवे पटरी के किनारे दो अलग-अलग स्थानों से दो शव मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।







