सुपौल: राघोपुर में एनएच-131 पर अज्ञात बाइक की ठोकर से गल्ला व्यापारी की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर सायत में गुरुवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक गल्ला व्यापारी की मौत हो गई। हादसा केएन इंटर कॉलेज के समीप एनएच-131 पर हुआ। मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर सायत वार्ड संख्या-2 निवासी 48 वर्षीय कामेश्वर खिरहर के रूप में हुई है।

घटनास्थल पर उपस्थित पुलिस व अन्य

परिजनों के अनुसार, कामेश्वर खिरहर गल्ला का व्यापार करते थे। गुरुवार की रात वह अपनी दुकान के आगे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान सिमराही की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर के बाद कामेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े और बेहोश हो गए।

शव के पास विलाप करते परिजन

दुर्घटना में उनके शरीर के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

कामेश्वर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी फैलते ही मृतक के घर पर रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अज्ञात मोटरसाइकिल चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]