Report: A.K. Chaudhary
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए सुपौल में सार्थक ग्रुप की ओर से संचालित स्पेशल बैच का शुक्रवार को समापन हो गया। इस अवसर पर परीक्षा में शामिल होने वाले विभिन्न जिलों से आए दर्जनों बच्चे, सार्थक एकेडमी के शिक्षक-शिक्षिकाएं और ग्रुप के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इस मौके पर सार्थक ग्रुप के प्रबंधक राजन चमन ने कहा कि स्पेशल बैच में विभिन्न जिलों से आए बच्चों ने नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने के लक्ष्य के साथ तैयारी की है। किसी बच्चे की आंखों में नवोदय में पढ़ने का सपना है, तो कोई अपने माता-पिता के संघर्षों को सफलता में बदलना चाहता है। उन्होंने कहा कि इस दौरान बच्चों ने पढ़ाई के साथ अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का महत्व भी सीखा है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सार्थक ग्रुप के शिक्षकों, मार्गदर्शकों और सहयोगियों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ मेहनत की है।
राजन चमन ने कहा कि स्पेशल बैच के समापन पर मन भावुक भी है और बच्चों के भविष्य को लेकर आशान्वित भी। बैच भले ही समाप्त हो रहा है, लेकिन बच्चों से जुड़ी उम्मीदें और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। उनकी मेहनत और संघर्ष पर सार्थक ग्रुप को गर्व है। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।







