Report: A.K. Chaudhary
मद्य निषेध दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुपौल जिले के सिमराही में मद्य निषेध थाना सिमराही के तत्वावधान में जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। इस प्रभात फेरी में स्कूली बच्चों के साथ पुलिसकर्मियों एवं शिक्षकों ने हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के माध्यम से आम लोगों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया गया।

प्रभात फेरी का शुभारंभ नगर स्थित यदुनाथ मध्य विद्यालय परिसर से हुआ। यहां से प्रभात फेरी जेपी चौक होते हुए एनएच-131 के रास्ते पेट्रोल पंप तक पहुंची। इसके बाद पिपराही रोड और जेपी चौक होते हुए पुनः यदुनाथ मध्य विद्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। प्रभात फेरी के समापन के बाद सभी को शपथ दिलाई गई।

इस दौरान यदुनाथ मध्य विद्यालय एवं कन्या मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी में शामिल बच्चे हाथों में जागरूकता का संदेश लेकर विभिन्न नारे लगाते हुए चल रहे थे। बच्चों ने नशे की बुराइयों को बताते हुए लोगों से नशे से दूरी बनाने और अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुनील देव, एएसआई विजय कुमार, एएसआई राहुल कुमार, एएसआई अनिता कुमारी, सिपाही दिलीप कुमार, नीतू कुमारी, एमटीएस भोला कुमार, गृह रक्षक बल के जवानों के साथ दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

जानकारी देते हुए मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को विभाग की ओर से मद्य निषेध दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे की लत और इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से खासकर युवाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।







