Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-131 पर हरिहरपट्टी के समीप बुधवार को कार और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों में कार चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान हरिहरपट्टी निवासी बिजेंद्र साह, बिनोद साह, कन्हैया साह और पिंकी देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि कार पिपरा बाजार की ओर से तेज रफ्तार में राघोपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान हरिहरपट्टी के समीप एक ट्रैक्टर एनएच-131 पर चढ़ रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर एनएच-131 पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।







