सुपौल: सिमराही में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 67.5 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक महिला गिरफ्तार, एक फरार

Report: A.K. Chaudhary

जिले के मध्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने मंगलवार की शाम राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित करजाइन रोड में छापेमारी कर 67.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई अमित भगत के आवासीय परिसर में की गई। पुलिस को देखते ही अमित भगत मौके से फरार हो गया, जबकि शराब रखने और बेचने के आरोप में उसकी 55 वर्षीय मां प्रमिला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मद्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि मध्य निषेध विभाग, पटना से प्राप्त सूचना के आधार पर अमित भगत के घर पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान घर के बरामदे में चटाई से ढके काले रंग के छह बैग बरामद हुए। बैगों की तलाशी लेने पर रेड लेबल, ब्लेंडर्स प्राइड और रॉयल स्टैग ब्रांड की 750 एमएल की कुल 90 बोतल विदेशी शराब मिली। बरामद शराब की कुल मात्रा 67.5 लीटर बताई गई है।

पुलिस ने शराब को जब्त करते हुए प्रमिला देवी को गिरफ्तार कर लिया और उसे शराब के साथ थाना लाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दी गयी है। वहीं, मामले में फरार मुख्य आरोपी अमित भगत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

कांड संख्या 314 में प्रमिला देवी गिरफ्तार, अमित भगत फरार

पुलिस के अनुसार इस मामले में मद्य निषेध थाना सिमराही में कांड संख्या 314 दर्ज किया गया है। इसमें प्रमिला देवी को नामजद आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है, जबकि अमित भगत फरार है।

 

छापेमारी दल में एसआई विजय पासवान, एएसआई राहुल कुमार, सिपाही दिलीप कुमार, नीतू कुमारी सहित गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।

Leave a Comment