अररिया: तनिष्क शोरूम लूटकांड का मास्टरमाइंड चुनमुन झा मुठभेड़ में ढेर, पुलिस और एसटीएफ का संयुक्त ऑपरेशन

न्यूज डेस्क अररिया:

बिहार के अररिया जिले में शुक्रवार की रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह घटना नरपतगंज थाना क्षेत्र के थलहा नहर के पास हुई, जहां पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी कर कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को ढेर कर दिया।

कैसे हुई मुठभेड़?

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्णिया के तनिष्क शोरूम लूटकांड का मास्टरमाइंड चुनमुन झा अपने गिरोह के साथ नरपतगंज इलाके में छिपा हुआ है। इस पर पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया। जैसे ही पुलिस टीम थलहा नहर के पास पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं

जवाबी कार्रवाई में चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं—दो सीने में और एक पैर में। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

मुठभेड़ में 5 पुलिसकर्मी घायल

इस मुठभेड़ में कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से दो एसटीएफ के जवानों को गोली लगी। घायल पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:

  • मो. मुश्ताक़ (एसटीएफ, पुलिस निरीक्षक)
  • कुमार विकास (नरपतगंज थानाध्यक्ष)
  • नागेश (एसटीएफ ड्राइवर)
  • जेसी शहाबुद्दीन अंसारी (एसटीएफ)
  • जेसी दीपक कुमार (एसटीएफ)

सभी घायलों को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसी जगह हुआ था मुठभेड़

कौन था चुनमुन झा?

चुनमुन झा बिहार का कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ कई जिलों में लूट, हत्या और फिरौती के कई मामले दर्ज थे। वह हाल ही में पूर्णिया के तनिष्क शोरूम में हुई करोड़ों की लूट का मास्टरमाइंड था। इसके अलावा, आरा तनिष्क लूटकांड में भी उसका नाम सामने आया था।

चुनमुन झा पर पलासी प्रखंड के बरदबट्टा पंचायत के मुखिया के भैसुर और पैक्स अध्यक्ष संतोष मंडल पर गोली चलाने का भी आरोप था। हालांकि, उस घटना में संतोष मंडल बाल-बाल बच गए थे।

पुलिस ने पहले ही की थी कुर्की जब्ती की कार्रवाई

तीन दिन पहले पूर्णिया के हाट और पलासी पुलिस ने चुनमुन झा के मजलिसपुर स्थित घर पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की थी। इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बचता रहा, लेकिन शुक्रवार की रात पुलिस के ऑपरेशन में मारा गया।

अपराधियों में दहशत

इस एनकाउंटर के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अररिया एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि चुनमुन झा पूर्णिया और आरा के तनिष्क लूटकांड सहित कई संगीन वारदातों में वांछित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह नरपतगंज इलाके में मौजूद है, जिसके बाद ऑपरेशन चलाया गया। अब पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]