
Report: A.K. Chaudhary
जिला मुख्यालय के समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में न्यायालय वाद, दाखिल-खारिज, जिला जनता दरबार, जन संवाद, राशन कार्ड, एनीमिया अभियान, पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आवेदनों के ससमय निष्पादन का निर्देश
बैठक में सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं करने की बात कही।
बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन मो. तारिक, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकाश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्त्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। जिले के अन्य पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।







