सुपौल: किशनपुर में प्रशिक्षु महिला सिपाही ने की आत्महत्या, बाथरूम से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल के किशनपुर प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन के बंद बाथरूम में एक प्रशिक्षु महिला सिपाही का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने मौके को सील कर जांच शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

Supaul Woman Constable Suicide Case: सुपौल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों को भी झकझोर दिया है। जिले के किशनपुर प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन के एक लंबे समय से अनुपयोगी बाथरूम में एक महिला प्रशिक्षु सिपाही का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई।

मृतका की पहचान रितु कुमारी के रूप में हुई है, जो भोजपुर (आरा) जिले के पटखौली गांव की रहने वाली थीं। वे वर्तमान में मुजफ्फरपुर जिला पुलिस बल में पदस्थापित थीं। हाल के दिनों में उन्हें सुपौल जिले के भीमनगर स्थित बीएमपी कैंप में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। ड्यूटी के सिलसिले में उनकी तैनाती किशनपुर क्षेत्र में की गई थी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम यह घटना उस समय सामने आई जब प्रखंड परिसर के एक बंद पड़े बाथरूम के अंदर उनका शव दुपट्टे के सहारे लटका पाया गया। बताया जाता है कि संबंधित बाथरूम का नियमित उपयोग नहीं होता था और उसमें चुनाव से संबंधित सामग्री रखी जाती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोसी क्षेत्र के पुलिस डीआईजी कुमार आशीष, एसपी शरथ आर.एस. तथा किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार सहित कई वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की गई। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी नमूने एकत्र किए।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। घटनास्थल से कुछ हस्तलिखित कागजात भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। हालांकि, उन कागजातों की सामग्री को फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला सिपाही पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। चर्चा यह भी है कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्होंने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। इसमें पारिवारिक परिस्थितियां, कार्यस्थल का दबाव और अन्य व्यक्तिगत कारणों को भी शामिल किया गया है।

बताया गया है कि हाल ही में उनकी ड्यूटी रामनवमी और ईद जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में लगाई गई थी। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

इस संबंध में एसपी शरथ आर.एस. ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रशिक्षु महिला सिपाहियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। आवंटित बल को जिले के विभिन्न थानों में तैनात किया गया था। इसी क्रम में किशनपुर थाना क्षेत्र के आवासन स्थल से एक प्रशिक्षु महिला सिपाही द्वारा फंदा लगाने की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना मिलते ही किशनपुर थानाध्यक्ष, एसडीपीओ तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर सिपाही को बाहर निकाला गया। तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

वरीय पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा। घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य संकलन जारी है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]