सुपौल: एनएच-27 पर बस और ट्रक की भीषण टक्कर, खलासी की मौत, आधा दर्जन यात्री घायल

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत झाझा में सोमवार की अहले सुबह करीब 3 बजे एनएच-27 पर तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में बस के खलासी की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, देव ट्रेवल्स नामक यात्री बस पटना से यात्रियों को लेकर जोगबनी जा रही थी। इसी दौरान झाझा के पास एनएच-27 किनारे खड़े एक ट्रक में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के खलासी की जान चली गई। वहीं, बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

मृतक खलासी की पहचान सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीपुर निवासी विजय नारायण झा के पुत्र भागीरथ झा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में मृत बस खलासी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *