Report: A.K. Chaudhary
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार की देर रात राघोपुर थाना पुलिस की टीम ने सिमराही बाजार के विभिन्न होटलों एवं ठहरने वाले स्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना था।
पुलिस टीम ने बाजार के अलग-अलग होटलों में पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी ली तथा होटल के रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जांच की। इस दौरान होटल संचालकों को भी सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने होटल में आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने को कहा।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुरुवार की रात्रि सिमराही बाजार के विभिन्न होटलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, होटलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से होटल संचालकों एवं आम लोगों को भी सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।







