अररिया जिले के लालटो हत्याकांड मामले में दो मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क अररिया: जिले के फुलकाहा थाना पुलिस ने लालटो हत्याकांड मामले में दो मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त राजेश कुमार यादव और जितेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार किया। मामले में पांच प्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी पुलिस ने पहले ही कर ली थी। इस बात की जानकारी अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने दी।

उल्लेखनीय है कि 21 सितंबर 2023 को फुलकाहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मधुरा उत्तर में दो पक्षों में हुए विवाद में गोलीबारी की घटना हुई थी जिसमे ललित कुमार यादव उर्फ लालटो पिता -ओमनारायण यादव को गोली मार कर घायल कर दी गई थी। अगले दिन 22 सितंबर को इलाज के क्रम में लालटो यादव की मौत हो गई थी। घटना को लेकर फुलकाहा थाना में प्राथमिकी कांड संख्या 129/23 दिनांक 22 सितंबर 2023 भादवि की धारा 147, 149, 341, 323, 307, 504, 506, 120(बी) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने पांच अभियुक्तों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित मधुरा उत्तर के 25 वर्षीय राजेश कुमार यादव पिता-श्याम सुंदर यादव और 22 वर्षीय जितेंद्र कुमार यादव पिता- बासदेव यादव को गिरफ्तार किया। फुलकाहा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को दबिश देते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। राजेश कुमार यादव के खिलाफ केवल फुलकाहा थाना में ही पांच संगीन मामले दर्ज हैं।जबकि जितेंद्र कुमार यादव के खिलाफ भी फुलकाहा थाना में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Comment

[democracy id="1"]