



न्यूज डेस्क सुपौल:
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बांस चौक के समीप NH 27 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, तेज़ रफ्तार से आ रही एक बस ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में घायल महिला को अपने वाहन से राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही महिला को मृत घोषित कर दिया।

हाईवे गश्ती पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान तत्काल नहीं हो पाई थी। उसके पास मिले पर्स में कुछ रुपये और छातापुर स्थित एक ज्वेलरी दुकान की रसीद मिली, जिसमें ‘राजेश कुमार, पता चुन्नी’ लिखा हुआ था। इसके आधार पर पहचान के प्रयास शुरू किए गए। स्थानीय लोगो व सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से पहचान कराने की कोशिश की।
कुछ घंटों की मशक्कत के बाद, सोशल मीडिया के जरिए महिला की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के ठूट्टी चैनपुर वार्ड नंबर 10 निवासी राजकुमार मेहता की पत्नी रूबी देवी (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक को दो बेटी और एक बेटा है। उनके पति बाहर में काम करते है।
रेफरल अस्पताल राघोपुर के डॉक्टर निलेश प्रधान ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को गंभीर हालत में लाया गया था लेकिन उसकी मौत इलाज के दौरान हो गई।
वहीं प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से बस को जब्त कर था ना लाया गया है, और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।