सुपौल: एनएच-27 पर राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से 192 लीटर बीयर बरामद, चालक गिरफ्तार

राघोपुर थाना पुलिस ने एनएच-27 पर धर्मपट्टी पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 192 लीटर बीयर बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार चालक को भारी मात्रा में बीयर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार की देर रात करीब 3 बजे धर्मपट्टी स्थित पेट्रोल पंप के पास एनएच-27 पर की गई।

जानकारी देते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापगंज की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई कार में अवैध शराब लादकर सिमराही की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही सिमराही गोल चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान करीब 3 बजे प्रतापगंज की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखते ही वाहन तेज गति से भगा दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और धर्मपट्टी पेट्रोल पंप के समीप एनएच-27 पर अन्य पुलिस बल की मदद से कार को घेरकर रोक लिया।

पकड़े गए चालक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर फदा वार्ड संख्या-12 निवासी तीतोश कुमार सिंह (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है।

कार की तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। वाहन की डिक्की से 16 कार्टन बीयर बरामद किए गए। प्रत्येक कार्टन में 24-24 कैन ‘हेवर्ड्स 5000’ बीयर रखी हुई थी। इस तरह कुल 384 कैन, प्रत्येक 500 एमएल के हिसाब से कुल 192 लीटर बीयर जब्त की गई। पुलिस ने बरामद बीयर और कार को जब्त कर लिया है तथा आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment