Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में शनिवार देर शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते तेज धूल भरी आंधी, ओलावृष्टि और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आई इस तेज आंधी ने जिले के कई प्रखंडों में भारी तबाही मचाई है। कई जगहों पर लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा, छतों के चदरे उड़ गए और पेड़-पौधे भी धराशायी हो गए।

सबसे ज्यादा असर राघोपुर प्रखंड के नगर पंचायत सिमराही में देखने को मिला, जहां वार्ड संख्या 15 स्थित राघोपुर-सिमराही मुख्य मार्ग पर बना स्वागत द्वार तेज आंधी की चपेट में आकर बीच सड़क पर गिर गया। स्वागत द्वार गिरने से सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक आई तेज धूल भरी आंधी के दौरान स्वागत द्वार का ऊपरी हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर किसानों पर पड़ा है। तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। खासकर मकई और गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले के अन्य इलाकों में भी कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की खबर है।







