Report: A.K. Chaudhary
सावन माह में सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहारा स्थित प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवरियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार को धरहरा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर मार्ग में संत निरंकारी मंडल अंतर्गत त्रिवेणीगंज ब्रांच द्वारा जल प्याऊ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन मुखी महात्मा भूपेंद्र यादव एवं मंदिर न्यास समिति के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” की भावना के साथ यह सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से सावन माह के प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को बाबा भीमशंकर मंदिर में जलाभिषेक करने आने वाले श्रद्धालुओं, कांवरियों एवं आम लोगों को नि:शुल्क शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में संत निरंकारी मंडल के सेवादलों ने सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर जल संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया तथा “जल ही जीवन है” का संदेश दिया गया।
जानकारी देते हुए मुखी महात्मा भूपेंद्र यादव ने कहा कि “मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। सावन के पावन महीने में हजारों श्रद्धालु बाबा भीमशंकर मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। संत निरंकारी मिशन सदैव समाज सेवा, मानव कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में अग्रणी रहा है। हम सभी को जल का सम्मान करना चाहिए और इसे व्यर्थ नहीं बहाना चाहिए, क्योंकि जल ही जीवन का आधार है।” उन्होंने कहा कि सेवा का यह कार्य पूरे सावन माह के प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को निरंतर जारी रहेगा, ताकि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मौके पर संत निरंकारी मंडल के वासुदेव यादव, प्रमोद चौधरी, शिवसागर सिंह, सुखदेव शर्मा, सिकेन्द्र यादव, अर्जुन यादव, बालकृष्ण यादव, अरविंद कुमार आदि लोग उपस्थित थे।







