Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही की जनसमस्याओं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने के मामलों तथा बाजार में लगने वाले जाम की समस्या को लेकर शनिवार की शाम वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में राघोपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, नगर पंचायत सिमराही के वार्ड पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में एसडीएम ने विशेष रूप से उन महिलाओं के मामलों की समीक्षा की, जिनका मायका नेपाल में है और एसआईआर के दौरान उनका नाम मतदाता सूची से हट गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित महिलाएं भारतीय नागरिक हैं तथा मतदाता बनने की सभी वैधानिक अर्हताएं पूरी करती हैं, तो नियमानुसार उनका नाम दोबारा मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रपत्र भरकर सोमवार की शाम तक प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया है।

एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहयोग देने की अपील की, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में नगर पंचायत सिमराही की पुरानी जाम समस्या पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन लगातार अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चला रहा है, लेकिन स्थायी समाधान तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि, दुकानदार और आम लोग भी इसमें सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने, निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि बाजार में सुचारु एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था कायम करना है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी जाम की समस्या के समाधान और प्रशासनिक अभियानों में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, नगर पंचायत सिमराही की उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद गोपीकांत झा, स्मृति कुमारी, मो हैयुम, मो नसीम, गणेश दास, बबलू सादा, राजाराम मेहता, धीरेंद्र राम, विभिन्न पंचायतों के मुखिया भूपेंद्र मेहता, रामचंद्र यादव, कमलेश साह, शैलेंद्र यादव तथा प्रतिनिधि मो अखलाक, सागर यादव, प्रमोद साह, प्रकाश चौधरी, विनय भगत, रिंकू भगत, मो अकरम, विजय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।







