Report: A.K. Chaudhary
युवाओं को नशे से दूर रखने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, जिसका सीधा प्रसारण देशभर के विभिन्न केंद्रों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से किया गया।

सुपौल के नगर भवन (टाउन हॉल) में आयोजित कार्यक्रम में वेबकास्टिंग के जरिए प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना गया। इसके बाद बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक राम विलास कामत, छातापुर विधायक नीरज कुमार बबलू, सुपौल मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस., उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाकर ही समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाया जा सकता है। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त भारत के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।







