सुपौल: थूमहा बाजार में सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों का बिगुल, सैकड़ों लोगों ने निकाली जागरूकता रैली, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सुपौल के थूमहा बाजार में बढ़ते सूखा नशा और ड्रग्स के विरोध में ग्रामीणों ने बड़ी बैठक कर जागरूकता अभियान चलाया। लोगों ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की और स्थानीय पुलिस पर अवैध कारोबार रोकने में उदासीनता का आरोप लगाया।

Report: Amresh Kumar

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थूमहा बाजार में युवाओं के बीच बढ़ते सूखा नशा और ड्रग्स के प्रचलन के खिलाफ ग्रामीणों ने सामाजिक स्तर पर बड़ा अभियान शुरू किया है। रविवार को थूमहा बाजार स्थित महादेव मंदिर परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें थूमहा पंचायत समेत आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में चोरी-छिपे सूखा नशा और अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि जिन अभिभावकों ने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देखा है, वे आज नशे की बढ़ती लत से परेशान हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यह केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है।

बैठक के दौरान सूखा नशा के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को इससे दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद लोगों ने थूमहा बाजार में जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि पुलिस की कथित उदासीनता के कारण क्षेत्र में सूखा नशा का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में जन आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही सभी लोगों से एकजुट होकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

Leave a Comment

[democracy id="1"]