Report: A.K. Chaudhary
‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत रविवार को सुपौल जिले के राघोपुर स्थित कीर्ति नारायण डिग्री महाविद्यालय के सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का सामूहिक प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार की उपस्थिति में महाविद्यालय के दर्जनों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों तथा पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने की। प्रधानमंत्री के संबोधन को सभी उपस्थित लोगों ने गंभीरता से सुना और नशामुक्त भारत के संकल्प को आत्मसात किया।
लाइव कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का एक बड़ा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है, जो समाज और देश के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देश के समर्थ और जागरूक युवा ही नशा मुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे सफल बना सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नशे की लत से ग्रसित लोगों से घृणा करने की बजाय उन्हें सही मार्गदर्शन, परामर्श और उपचार के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान, जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता जैसे बहुआयामी प्रयासों से इस अभियान को व्यापक सफलता मिल सकती है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल पदाधिकारी प्रो. रामकुमार कर्ण ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. राम लखन प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. देवनारायण पंडित, शिक्षकेतर कर्मचारी रितुध्वज कुमार, गजेंद्र खीरहरी, सत्यम कुमार, सूर्यकांत, जन्मेजय मंडल, पुलिसकर्मी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के दर्जनों स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







