सुपौल में भीषण सड़क हादसा: ट्रिपल लोडेड बाइक और कंटेनर की टक्कर, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र में NH 327E पर ट्रिपल लोडेड बाइक और कंटेनर की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। समय पर हायर सेंटर नहीं ले जाने से एक युवक की जान चली गई।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पांडेपट्टी स्थित गया चौक के पास रानीगंज-जदिया मार्ग (एनएच 327ई) पर तेज रफ्तार से आ रही ट्रिपल लोडेड बाइक और सामने से आ रही बंगाल नंबर की कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत बेहद गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, रेफर किए जाने के बाद समय पर इलाज के लिए नहीं ले जाए जाने के कारण एक और युवक की अस्पताल में ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक इलाज के लिए उचित व्यवस्था नहीं हो पाई। तीसरे घायल को बाद में मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुरैनी वार्ड-11 निवासी स्वर्गीय मोहम्मद आलम के पुत्र मोहम्मद शाहबाज आलम शेख (21) और सिंघेश्वर थाना क्षेत्र के मनहरा सुखासन निवासी मोहम्मद इखलाख के पुत्र मोहम्मद अरमान (19) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान मोहम्मद मतीन के पुत्र मोहम्मद साहब उर्फ जेवा (20) के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद अरमान कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदार के घर पुरैनी आए हुए थे और इसी दौरान यह हादसा हो गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने बताया कि जब घायलों को लाया गया, तब एक युवक की मौत हो चुकी थी। बाकी दोनों की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर किया गया, लेकिन उनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक थी और वह सांस लेने में भी असमर्थ था। समय पर उच्च स्तरीय इलाज नहीं मिल पाने के कारण उसकी भी मौत हो गई। डॉक्टर ने यह भी बताया कि अस्पताल में सीमित संसाधनों के कारण गंभीर मरीज का इलाज संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि रेफर किए जाने के बाद भी मरीज को समय पर हायर सेंटर नहीं ले जाया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

इधर, जदिया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Comment