Report: A.K Chaudhary
सुपौल में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमी से मिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर युवती को उफनती कोसी नदी में धक्का दे दिया गया। हालांकि कर्तव्य पर तैनात कनीय अभियंता और एक मजदूर की सतर्कता एवं साहस के कारण युवती की जान बच गई। घटना के बाद युवती ने अपने ही दो रिश्तेदारों पर हत्या की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 10 बजे सदर प्रखंड के बसबिट्टी पंचायत स्थित कोसी तटबंध के 64/95 स्पर पर रात्रि ड्यूटी कर रहे कनीय अभियंता चितरंजन कुमार और मजदूर सुभाष कुमार ने कोसी नदी की ओर से किसी युवती के “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनी। दोनों तत्काल टॉर्च लेकर नदी की ओर दौड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मजदूर सुभाष कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती कोसी नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बचाई गई युवती ने अपना नाम आशा कुमारी बताया, जो सदर प्रखंड के लखनिपट्टी गांव की रहने वाली है। युवती ने पुलिस और बचाव दल को बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। करीब एक माह पहले उसकी शादी जबरन दूसरे युवक से करा दी गई। उसका आरोप है कि मंगलवार की रात उसके दो सगे रिश्तेदार उसे प्रेमी से मिलाने का बहाना बनाकर घर से निकले और पिपरा खुर्द के पास कोसी नदी पहुंचने पर उसे नदी में धक्का दे दिया।
युवती के अनुसार, धक्का दिए जाने के बाद वह तेज बहाव में बहती रही, लेकिन किसी तरह तटबंध के स्पर के पास पहुंचकर मदद के लिए आवाज लगाने लगी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने उसकी आवाज सुन ली और समय रहते उसका रेस्क्यू कर लिया।
घटना की सूचना कनीय अभियंता चितरंजन कुमार ने तत्काल डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। डायल-112 में तैनात एएसआई दीपक कुमार सिंह ने बताया कि कोसी नदी से एक युवती को सुरक्षित निकाले जाने की सूचना मिली थी। युवती ने अपने दो रिश्तेदारों पर नदी में धक्का देने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और उनके निर्देश पर पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







