Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, कर्णपुर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी सावन कुमार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने शिविर में मौजूद लाभुकों को ऑन द स्पॉट विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस दौरान कर्णपुर निवासी रंजु देवी को राशन कार्ड, जबकि स्मिता कुमारी एवं मो. जुबेर को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का स्वयं अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत कुमार, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, कर्णपुर पंचायत की मुखिया किरण देवी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







