साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार : डीएम सावन कुमार

सुपौल के पीएम श्री +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुखपुर में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में डीएम सावन कुमार ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के पी. एम. श्री +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुखपुर के सभागार में मंगलवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी आर्थिक एवं व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान मोबाइल कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा न करें। साथ ही ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।

उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है या किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि का संदेह हो, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि “डिजिटल युग में जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।” उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि समाज को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रखा जा सके। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई तथा लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से बचने के उपाय भी बताए गए।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी-सह-बीपीआरओ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सरवेश्वर सिंह, साइबर थाना सुपौल के पुलिस निरीक्षक शिव शंकर कुमार, सब इंस्पेक्टर महफूज आलम, विशाल कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वविजय कुमार, शिक्षक प्रणव कुमार सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment