सुपौल: राघोपुर के यात्रियों के लिए बड़ी राहत, सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल अब राघोपुर तक चलेगी, 25 जुलाई से मिलेगा सीधा लाभ

राघोपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी। पूर्व मध्य रेलवे ने सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन (05573/74) का विस्तार राघोपुर तक कर दिया है। 25 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक चलने वाली इस ट्रेन से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

Report: A.K Chaudhary

सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने सरायगढ़–देवघर–सरायगढ़ मेमू स्पेशल ट्रेन (05573/05574) का परिचालन राघोपुर (RGV) तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 25 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी। इससे राघोपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अब बिना सरायगढ़ गए सीधे राघोपुर से देवघर के लिए ट्रेन सुविधा उपलब्ध होगी।

पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर द्वारा 21 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना संख्या SPL/209/2026-27 के अनुसार, पहले सरायगढ़–देवघर के बीच चल रही श्रावणी स्पेशल मेमू ट्रेन का विस्तार राघोपुर तक किया गया है। रेलवे ने यह निर्णय सावन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लिया है।

ट्रेन का समय

रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार—

05573 राघोपुर–देवघर मेमू स्पेशल

  • राघोपुर से प्रस्थान : 02:50 बजे
  • सरायगढ़ से प्रस्थान : 03:05 बजे
  • देवघर आगमन : 11:20 बजे

05574 देवघर–राघोपुर मेमू स्पेशल

  • देवघर से प्रस्थान : 11:35 बजे
  • सरायगढ़ आगमन/प्रस्थान : 22:15 / 22:17 बजे
  • राघोपुर आगमन : 22:50 बजे

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सरायगढ़ और देवघर के बीच ट्रेन का पूर्व निर्धारित समय यथावत रहेगा, केवल ट्रेन का प्रारंभ एवं समापन स्टेशन राघोपुर कर दिया गया है।

लंबे समय से की जा रही थी मांग

राघोपुर के रेल फैन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से श्रावणी स्पेशल ट्रेन को राघोपुर तक विस्तारित करने की मांग की जा रही थी। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पहले सरायगढ़ पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी होती थी।

रेलवे के इस निर्णय से अब राघोपुर, सिमराही, गणपतगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

सांसद एवं रेलवे प्रशासन के प्रति जताया आभार

इस महत्वपूर्ण फैसले को लेकर राघोपुर के मयंक गुप्ता, उमेश गुप्ता, स्मृति कुमारी, दीपक यादव, सागर यादव, संत अमरजीत, अरुण जयसवाल, प्रशांत वर्मा एवं गुड्डू ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत, जीएम हाजीपुर तथा डीआरएम समस्तीपुर का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि जनभावनाओं को देखते हुए रेलवे द्वारा लिया गया यह निर्णय क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Comment