सुपौल: राघोपुर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार; वाहन गड्ढे में पलटा

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर दौलत पंचायत स्थित भगता टोला में तेज रफ्तार पिकअप वैन की टक्कर से 46 वर्षीय रघुवीर साह की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन गड्ढे में पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की विशनपुर दौलत पंचायत के भगता टोला वार्ड संख्या-12 में मंगलवार रात एक सड़क हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन अनियंत्रित होकर घटनास्थल से लगभग 100 मीटर आगे सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डगमारा थाना क्षेत्र के कमलपुर वार्ड संख्या-4 निवासी रघुवीर साह उर्फ दुर्गा (46 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदारों से मिलने विशनपुर दौलत के भगता टोला आए थे। इसी दौरान सड़क पर पैदल जाते समय पिकअप वैन (बीआर 11 जीजी 3849) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ ही दूरी पर संतुलन बिगड़ने से पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है। वाहन पानी भरे गड्ढे में पलटा हुआ मिला। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]