सावन मेले की तैयारियां तेज: बाबा भीमशंकर मंदिर में इस बार बदलेगी प्रवेश-निकास व्यवस्था, बढ़ेंगे CCTV और सुरक्षा इंतजाम

धरहारा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर में सावन मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर न्यास समिति की बैठक हुई। इस बार प्रवेश-निकास व्यवस्था में बदलाव, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, बैरिकेडिंग, मेडिकल व फायर ब्रिगेड की 24 घंटे तैनाती सहित सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे।
oplus_2097152

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर मंदिर परिसर में आगामी सावन मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को संध्या में मंदिर न्यास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में शामिल पदाधिकारी व सदस्य

बैठक में वीरपुर डीएसपी सुरेंद्र कुमार, राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ सह मंदिर न्यास समिति की उपाध्यक्ष रश्मि प्रिया, राघोपुर अपर थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के उपरांत सभी अधिकारियों ने बाबा भीमशंकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों, दुकानदारों तथा संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

मंदिर परिसर का जायजा लेते पदाधिकारी

मीडिया से बातचीत करते हुए एसडीएम सह मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि इस बार सावन मेले की व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा तथा मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के भीतर उत्तरी एवं दक्षिणी गेट को बंद रखा जाएगा। श्रद्धालुओं का प्रवेश केवल हाथी गेट से कराया जाएगा, जबकि निकास हटिया वाले गेट से होगा। मंदिर परिसर से निकास हेतु अतिरिक्त गेट भी बनाया जाएगा। इससे आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ अलग-अलग रहेगी और जाम या धक्का-मुक्की जैसी स्थिति नहीं बनेगी।

मंदिर परिसर का जायजा लेते पदाधिकारी

एसडीएम ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान मंदिर परिसर में 24 घंटे मेडिकल टीम एवं फायर ब्रिगेड की टीम तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर सहित सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था रहेगी तथा कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे।

दुकानदारों को निर्देश देते पदाधिकारी

उन्होंने कहा कि गणपतगंज, गद्दी, किसान चौक एवं डुमरी से मंदिर आने वाले सभी मुख्य मार्गों के प्रवेश द्वारों पर मजिस्ट्रेट एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा मेले में होटल एवं खाद्य सामग्री संचालित करने वाले सभी दुकानदारों को केवल कॉमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में मंदिर न्यास समिति के सचिव संजीव यादव, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, सदस्य कमल प्रसाद यादव, महेंद्र गुप्ता, दीपक चौधरी, नरेंद्र यादव, योगानंद गुप्ता, शिबू राम, मुखिया कमलेश साह, राघोपुर थाना एसआई मुकुल आजाद समेत पुलिस टीम एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

[democracy id="1"]