अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कुम्हारों की मुस्कान लौटी, दीप निर्माण में जुटे कुम्हार परिवार

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

यूं तो दशहरा के बाद या लग्न के समय कुम्हारों के चाक नियमित तौर पर चलते हैं। लेकिन इन दिनों फारबिसगंज के चौहान टोला स्थित कुम्हार बस्ती में कुम्हारों के चाक सुबह से लेकर शाम तक घूम रहे हैं और चाक पर काम कर रहे कुम्हारों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। दरअसल यह मुस्कान आई है मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के कारण। 22 जनवरी (22 January) को अयोध्या (Ayodhya) स्थित राम जन्मभूमि पर भगवान राम विराजने वाले हैं और इसको लेकर पूरे देश सनातन धर्मप्रेमियों में गजब का उत्साह है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के अपने घर में विराजने को लेकर उस दिन फिर से दीपोत्सव मनाने की बात कही जा रही है। मंदिर सहित घरों में लोग दीप जलाने वाले हैं और इसी को लेकर कुम्हार लगातार अपनी चाक को घुमा कर दीप का निर्माण कर रहे हैं। ठंड की ठिठुरन के बीच भगवान राम के लिए कुम्हार का परिवार दीप निर्माण कर रहे हैं। पूरे परिवार में इसको लेकर अलग ही उत्साह है।

दीप निर्माण कार्य में जुटे रंजन कुमार पंडित और बिरेंद्र कुमार पंडित ने बताया कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम अपने घर में विराजने वाले हैं। इसको लेकर लगातार दीप निर्माण के ऑर्डर मिल रहे हैं।ठंड के बावजूद मिले ऑर्डर की पूर्ति के लिए दीप का निर्माण कार्य में जुटे हैं। इनलोगों ने बताया कि आमतौर पर यह समय इनलोगों का बैठे रहने और दूसरे काम कृषि वगैरह में लगे रहने का होता है।लेकिन अयोध्याधाम में भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर मंदिर सहित घरों में दीपोत्सव के आह्वान को लेकर विभिन्न सनातन संगठन की ओर से दीप को लेकर ऑर्डर मिला है। जिसकी पूर्ति के लिए परिवार के सदस्यों के साथ दीप निर्माण कार्य में जुटे हैं।उन्होंने कहा कि दीप निर्माण कार्य में तल्लीनता से उन्हें भी खुशी है।

वहीं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने कहा कि इस युग के लिए यह सौभाग्य की बात है कि भगवान श्री राम लला अपने घर में विराजने वाले हैं। ऐसे में जश्न के साथ दीपोत्सव का होना तो जरूरी है ही। पूरा देश भगवान श्री राम के घर वापसी के तौर पर विराजे जाने को लेकर जश्र में डूबा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के जन्मतोसव का समय हो या वनवास से घर वापसी का समय दीपोत्सव मनाने की परंपरा पौराणिक रही है। ऐसे में सदियों बाद भगवान श्री राम के घर विराजे जाने पर जश्न का माहौल होना लाजिमी है। चांदनी सिंह ने दीप निर्माण के लिए कुम्हार को ऑर्डर दिए जाने की बात कही। बहरहाल अयोध्या में बन रहे भगवान श्री राम के घर विराजे जाने की खुशी कुम्हारों की जिंदगी में भी लौटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]