कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद तटबंध के अंदर मचाई तबाही, घर छोड़ बाहर निकलने पर मजबूर लोग

न्यूज डेस्क सुपौल:

कोसी नदी के जलस्तर में हाल ही में हुई वृद्धि के बाद कोसी तटबंध के अंदर तबाही मच गई है, तटबंध के अंदर रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई है। बाढ़ की स्थिति इतनी विकट हो गई है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि आज कोसी के जलस्तर में लगातार कमी आई है, जिससे लोगों को कुछ राहत की उम्मीद जगी है।

बता दें कि आज शाम 6 बजे कोसी बराज से 2 लाख 20 हजार 840 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया, जिससे जलस्तर में कमी दर्ज की गई है। लगातार जलस्तर में कमी हो रही है, जिससे लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा। लेकिन कल कोसी नदी के जलस्तर में हुई व्यापक वृद्धि ने तटबंध के अंदर रहने वाले लोगों की जिंदगी को नारकीय बना दिया है। उनका घर-आंगन और सारा सामान पानी में डूब गया है। लोग किसी तरह नाव का सहारा लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल रहे हैं।

बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि पूरे इलाके में पानी भर जाने के कारण जीना दूभर हो गया है। ऐसे में वे जरूरी सामान लेकर किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। तटबंध के अंदर बसे लोग नाव के सहारे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं और ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं।

फिलहाल, कोसी नदी के जलस्तर में हो रही कमी से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और लोग अपने घरों को वापस लौट पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]