छातापुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल का जोरदार स्वागत, बोले – 15 सितम्बर को पीएम मोदी देंगे बिहार को बड़ी सौगात

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल का आगमन हुआ। उनके पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।

स्वागत कार्यक्रम के बाद डॉ. जायसवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 15 सितम्बर बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन होने वाला है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्णिया पहुंचेंगे और SSB मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, जिससे कोशी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी। साथ ही हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, जिससे बिहार के विकास को नई दिशा मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत और बिहार दोनों विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार अब चौमुखी विकास की रफ्तार पकड़ चुका है और आने वाले वर्षों में राज्य के प्रत्येक कोने तक विकास की गंगा बहेगी।

डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे 15 सितम्बर को पूर्णिया में होने वाले प्रधानमंत्री के सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और इसे ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा – “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उस दिन बिहारवासियों को विकास की कई बड़ी सौगातें देंगे। यह अवसर सिर्फ पूर्णिया ही नहीं बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का पल होगा।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]