जदयू नेता कैलाश यादव का जनसुराज पर हमला: प्रशांत किशोर को बताया ‘राजनीति का बिजनेसमैन’, वीडियो तोड़-मरोड़कर वायरल करने का लगाया आरोप

न्यूज डेस्क सुपौल:

बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के समधी एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता कैलाश प्रसाद यादव ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनसुराज पार्टी और इसके संस्थापक प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर राजनीति को सेवा नहीं, बल्कि एक व्यापार की तरह चला रहे हैं।

प्रेस वार्ता में कैलाश यादव ने दावा किया कि जनसुराज पार्टी ने उनकी एक पुरानी वीडियो क्लिप को तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है, जिससे उनकी राजनीतिक छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह हरकत जनसुराज की गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक राजनीति को दर्शाती है।

कैलाश यादव ने जानकारी दी कि कुछ समय पहले जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता उनके गांव हुलास स्थित आवास पर उनसे मिलने आए थे। उस वक्त वे इलाज के लिए जा रहे थे और गाड़ी में ही कार्यकर्ताओं ने उनसे कुछ सवाल किए थे। उन्होंने सहजता से कुछ बातें कही थीं, लेकिन अब उस बातचीत को संपादित कर भ्रामक तरीके से जनता के सामने पेश किया जा रहा है।

नीतीश सरकार का किया समर्थन

उन्होंने यह भी दोहराया कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व वाली सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा, “बिहार में जितना विकास नीतीश कुमार और बिजेंद्र यादव के नेतृत्व में हुआ है, उतना आज तक किसी भी सरकार के कार्यकाल में नहीं हुआ।”

प्रशांत किशोर पर सीधा हमला

कैलाश यादव ने प्रशांत किशोर को लेकर कहा कि वे राजनीति के नाम पर सिर्फ दिखावा और धोखा कर रहे हैं। उन्होंने जनसुराज को एक ऐसी पार्टी बताया जो सिर्फ जनता को गुमराह करने और भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे लोगों से सतर्क रहें जो राजनीति को व्यापार बना चुके हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]