सुपौल: रक्षाबंधन की खरीदारी के बीच पिपरा बाजार में लगा भीषण जाम, डेढ़ घंटे परेशान रहे राहगीर

Report: Amresh Kumar

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा बाजार में गुरुवार की देर शाम रक्षाबंधन पर्व को लेकर उमड़ी भीड़ के बीच अचानक भयंकर जाम लग गया। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे तक दोनों प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे बाजार में आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

बताया जाता है कि पिपरा बाजार में एनएच-327ई और एनएच-131 का जंक्शन प्वाइंट होने के कारण यहां दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन होता है। वहीं, रक्षाबंधन पर्व को लेकर गुरुवार की देर शाम बाजार में खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। बाजार में वाहनों की बढ़ती संख्या और यातायात नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ गई और देखते ही देखते दोनों सड़कों पर लंबा जाम लग गया।

जाम के कारण बाजार से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई वाहन काफी देर तक एक ही स्थान पर फंसे रहे। दोनों सड़कों पर एक साथ जाम लगने से स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हालांकि, जाम की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास किया गया। पुलिसकर्मी वाहनों को नियंत्रित करते हुए जाम हटाने में जुटे रहे। काफी प्रयास के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम का असर पिपरा बाजार के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों पर भी पड़ा। पर्व के मौके पर बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था चरमराने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने पर्व के दौरान बाजार में अतिरिक्त यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की आवश्यकता जताई है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]