भाजपा नेता व संवेदक ने सीएम के करीबी रहे पूर्व मंत्री के अधीक्षण अभियंता भाई के खिलाफ खोला मोर्चा, संवेदकों के साथ दिया धरना

रिपोर्ट: राहुल पराशर|अररिया

भाजपा नेता एवं संवेदक राजन तिवारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के किशनगंज के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फारबिसगंज के ग्रामीण कार्य विभाग परिसर में अधीक्षण अभियंता अरविंद चौधरी के खिलाफ संवेदकों के साथ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और उन पर अनियमितता और भ्रष्टाचार में संलिप्त रहने का आरोप लगाया। ग्रामीण कार्य विभाग किशनगंज के अधीक्षण अभियंता के खिलाफ संवेदकों ने जमकर नारेबाजी की। अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी जदयू नेताओं में से एक पूर्व मंत्री अशोक कुमार चौधरी के भाई हैं। जिन पर संवेदकों ने भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाते हुए उनकी संपत्ति की जांच कराए जाने की मांग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की।धरना प्रदर्शन के बाद संवेदकों ने मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र की कॉपी एसडीएम फारबिसगंज को सौंपी।

संवेदकों की ओर से किए गए मांग में फारबिसगंज में कार्यपालक अभियंता वाले कार्यकाल में आवंटित निविदा के संवेदकों के अनुभव के प्रमाण पत्र की जांच करने, निविदा मैनेज करने के पूर्व के आरोपों की जांच करने, टेंडर मैनेज कर सरकारी राजस्व को पहुंचाए गए नुकसान की जांच करने, ब्राडा के कार्यालय आदेश संख्या-05 दिनांक 25 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अध्यक्ष पद से हटाने का आदेश निर्गत के तत्काल बाद ही कार्यालय आदेश संख्या-06 दिनांक 30 जनवरी 2024 को पुनः उसी ओड पर पदस्थापित होने के मामले की जांच, आय से अधिक संपत्ति की जांच करने की मांग शामिल है।

मौके पर जानकारी देते हुए भाजपा नेता एवं संवेदक राजन तिवारी ने बताया कि 2017 से 20 तक अरविंद कुमार चौधरी फारबिसगंज में पदस्थापित थे और जमकर भ्रष्टाचार में संलिप्त थे। नियम कानून को ताक पर रखकर बिना सर्टिफिकेट जांच किए बिना ही उन्होंने सैकड़ों काम संवेदकों को कमीशन के आधार पर देने का काम किया था। जिसका उस समय भी विरोध किया गया था। ताजातरीन मामले को लेकर उन्होंने बताया कि गलत सर्टिफिकेट का मिथ्या आरोप लगाकर उन्होंने उनके द्वारा डाले गए टेंडर को छांट दिया। जिसको लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। साथ ही उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम से मिलकर करने की भी बात कही। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग किशनगंज के अधीक्षण अभियंता की संपत्ति की जांच के साथ उनके कार्यकलापों की जांच निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग की। भाजपा नेता एवं संवेदक ने अधीक्षण अभियंता पर जेडीयू नेता अशोक कुमार चौधरी के भाई होने का धौंस दिखाने की बात करते हुए टेंडर को अकारण निरस्त कर देने का आरोप लगाया।साथ ही उन्होंने आशंका व्यक्त की कि जिस तरह से अधीक्षण अभियंता का रवैया है,वह कहीं उनकी निर्माण कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने के लिए षड्यंत्र न रच दे।

धरना प्रदर्शन में अमित सिंह, शमशेर आलम, मुरारी, अफ़रोज़ आलम, राकेश राणा, चंदन चौधरी, आदर्श, जॉनी सिंह, सौरव यादव, सुमित कुमार, सौरव कुमार, प्रतीक तिवारी, मनीष तिवारी, रोहित राज, सनी राज, विकास सिंह आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]