मुजफ्फरपुर में बड़ा नाव हादसा, बागमती नदी में पलटी स्कूली बच्चों से भरी नाव, 17 को बचाया, 16 अब भी लापता

न्यूज़ डेस्क मुजफ्फरपुर:

बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार को बड़ा नाव हादसा हुआ है। यहां बच्चों से भरी नाव नदी में पलट गई है। इस हादसे में 16 बच्चे के लापता होने की सूचना मिल रही हैं। हालांकि मौके पर स्थानीय गोताखोर और गांव के युवक पहुंचकर नदी में बच्चों की तलाश कर रहे हैं।

वहीं, नाव पलटने की सूचना मिलते ही इलाके के लोगों के साथ शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया गया है कि गायघाट के बेनीबाद ओपी क्षेत्र के मधुपट्टी घाट पर नाव पलटने का हादसा हुआ है। नाव पर करीब 33 बच्चे सवार थे। संतुलन बिगड़ने के चलते नाव नदी में पलट गई। हादसे के बाद अभी तक 17 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, बाकी की तलाश जारी है। 16 बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

हादसे को लेकर जिले के एक आला अधिकारी ने बताया कि गायघाट और बेनीबाद पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर कार्रवाई में जुट गई है। बागमती नदी में यह हादसा हुआ है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बच्चों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि नाव पर सवार होकर बच्चे स्कूल जा रहे थे। नदी में पानी का बहाव तेज था, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ है। नाव पलटते ही चीख पुकार मच गई। नाव पलटने की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। जिन घरों से स्कूल जाने के लिए बच्चे निकले थे उनके परिजन भागते हुए नदी के पास पहुंचे। बच्चों को नदी से निकालने के लिए गांव के कई युवकों ने छलांग लगाई। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल दिखा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मुजफ्फरपुर दौरा

बता दें कि गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एसकेएमसीएच में नवनिर्मित पीकू वार्ड का उद्घाटन करने के लिए मुजफ्फरपुर पहुंचने वाले हैं। सीएम के पहुंचने से पहले इस बड़े हादसे के बाद प्रशासनिक महकमें में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के प्रति लोगों में नाराजगी

इधर, गांव वालों ने बताया कि नाव पलटने की सूचना देने के बाद भी स्थानीय थाने की पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने में काफी देर हो गई। इस बीच गांव के ही लोगों ने खुद के प्रयास से बच्चों को निकालने का प्रयास करते रहे। गांव वालों में पुलिस के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि अगर समय पर पुलिस और रेस्क्यू टीम पहुंचती तो ज्यादा से ज्यादा बच्चों को समय रहते पानी से निकाला जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *