सम्राट चौधरी ने किया वैद्यनाथ मेहता की प्रतिमा का अनावरण, लव-कुश की प्रतिमा और 12 लाख नौकरियों का ऐलान

न्यूज डेस्क सुपौल:

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सुपौल जिले के बसंतपुर प्रखंड स्थित रतनपुर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय वैद्यनाथ मेहता की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें कई प्रमुख नेता और स्थानीय लोग शामिल हुए। जनसभा में राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, PHED मंत्री नीरज बबलू, जदयू के निर्मली विधायक अनिरुद्ध यादव सहित भाजपा के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रभु श्री राम मंदिर में उनकी प्रतिमा स्थापित हो चुकी है और जल्द ही माता सीता को भी भव्य मंदिर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा गौरवशाली इतिहास रहा है, जिसे हमें संजोकर रखना है। अब तक लव-कुश की प्रतिमा कहीं स्थापित नहीं हुई है, लेकिन हम जल्द ही वाल्मीकि नगर में उनकी प्रतिमा स्थापित करेंगे।” उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों से पहले 12 लाख सरकारी नौकरियां देने का भी वादा किया। उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले नौकरी का वादा पूरा कर हम जनता के बीच वोट मांगने आएंगे।”

स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना

स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहा, हालांकि उन्होंने प्रतिमा के अनावरण में हुई देरी पर भी ध्यान दिलाया। लोगों का कहना था कि देर से सही, लेकिन इस पहल से स्वर्गीय वैद्यनाथ मेहता के योगदान को सम्मान दिया गया है।

स्वर्गीय वैद्यनाथ मेहता को श्रद्धांजलि

जनसभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय वैद्यनाथ मेहता के कार्यकाल की सराहना की और उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। इस कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर उत्साह और गर्व का माहौल पैदा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]