सुपौल: अवैध बालू खदान में डूबने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में एक 7 वर्षीय बच्चे की अवैध बालू खदान में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब शंभु कुमार नाम का यह बच्चा खदान के पास खेलते-खेलते गहरे पानी में जा गिरा। मृतक बच्चे की पहचान स्थानीय अभिनंदन सादा के पुत्र शंभु कुमार के रूप में हुई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य बच्चों ने इसकी सूचना बच्चे के परिजन को दी, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक खदान में बच्चे को खोजने की कोशिश की और अंत में शंभु का शव बरामद किया गया।

जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि शंभु का पिता बाहर रहकर मजदूरी करता है, जबकि उसकी मां घर के पास के खेतों में काम करने गई थी। इसी दौरान शंभु खेलते हुए पास की अवैध बालू खदान में चला गया, जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह खदान देव नारायण साह की जमीन पर स्थित है, और यहां श्याम मुखिया नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से बालू खनन किया जाता है। पोपलेन मशीन का उपयोग करके बालू निकालने के कारण यहां 15 से 18 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे के चारों ओर किसी भी प्रकार की सुरक्षा बैरिकेडिंग नहीं की गई थी, जिससे बच्चे वहां आसानी से पहुंच सकते थे।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सीओ रश्मि प्रिया और थानाध्यक्ष नवीन कुमार को सूचित किया। सीओ रश्मि प्रिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जांच के लिए कर्मचारी भेजे गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]