सुपौल: एनएच-106 पर तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार एक महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Report: Amresh Kumar

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां हाईवा ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक हादसा महेशपुर गांव के पास एनएच-106 पर घटित हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला ट्रक के चक्के के नीचे आ गई। ट्रक की चपेट में आने से महिला के शरीर के चीथड़े उड़ गए और घटनास्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मृतका की पहचान 25 वर्षीय मालती देवी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मालती देवी अपने ससुराल श्याम नगर से मायके तीनटोलिया गांव बाइक से जा रही थीं। बाइक पर चालक के अलावा मालती देवी और उनका तीन वर्षीय मासूम बच्चा भी सवार था। हादसे के दौरान बाइक चालक और मासूम बच्चा बाल-बाल बच गए, हालांकि दोनों को हल्की चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों का हाल बेहाल था, वहीं घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए।

इधर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने महेशपुर के पास एनएच-106 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोग तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

सूचना मिलते ही पिपरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]