सुपौल: एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में शिक्षक दिवस का भव्य आयोजन, प्रतियोगिताओं में दिखी छात्रों की प्रतिभा

News Desk Supaul:

जिले के नगर पंचायत स्थित एस आर शिक्षा सम्राट स्कूल में मंगलवार को शिक्षक दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन प्रत्येक छात्र और शिक्षक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भौतिक ज्ञान के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान को भी पूरे विश्व में आलोकित किया, जो हमारे लिए अनुकरणीय है।”

विद्यालय की प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि “डॉ. राधाकृष्णन ने जीवन में अनेक पदों को सुशोभित करने के बावजूद सदैव स्वयं को एक आदर्श शिक्षक के रूप में प्रस्तुत किया। यही उनकी महानता का परिचायक है, जिसे हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए।”

समारोह के अवसर पर छात्रों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज और स्पेलिंग बी प्रमुख आकर्षण रहे। प्रत्येक कक्षा से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए।

पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने ऑपरेशन सिंदूर, चंद्रयान-3, जल संरक्षण, सतत पोषणीय विकास तथा भविष्य में विज्ञान की संभावनाओं जैसे विषयों पर अपनी कला और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बच्चों की इन प्रस्तुतियों को शिक्षकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।

समारोह का संचालन विद्यालय के प्राचार्य किसलय रवि तथा अकादमिक निदेशक राजा रवि के संयोजन में हुआ। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का अहम योगदान रहा। विशेष रूप से रंजीत लामा, कृष्ण गुप्ता, अर्जुन कुमार, आनंद मोहन, मनीषा झा, गौरव कुमार, पप्पू मेहता, राकेश मिश्रा, काजल राउत, सुधांशु वर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।

समारोह के समापन पर सभी विजेता छात्रों को पुरस्कार वितरित किए गए और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]